15 दिवसीय सृजन किशोर आत्मरक्षा एवं व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण का समापन

0

थांदला। मध्यप्रदेश पुलिस के सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के अंतर्गत थाना थांदला में 5 ग्राम पंचायतों एवं उदय सामाजिक विकास संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय “सृजन किशोर आत्मरक्षा एवं व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण” का समापन समारोह ग्राम बड़ी धामनी में अतिथियों एवं समुदाय की गरिमामय उपस्थिति में सम्पन्न हुआ,

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार उपस्थित रहे, विशेष अतिथि के रूप में एसडीएम भास्कर वास्कले, एसडीओपी राजेश सुलिया, महिला थाना प्रभारी नेहा बिरला, थाना प्रभारी थांदला श्री अशोक कनेश, रक्षा सखी श्रीमती अनिता तोमर तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ब्लॉक समन्वयक नितिन डामर, आर.आई. अखिलेश राय, ग्राम पंचायतों के सरपंचगण, पुलिस अधिकारीगण तथा सृजन प्रशिक्षण के मास्टर ट्रेनर्स उपस्थित रहे,

कार्यक्रम में लगभग 450 प्रतिभागियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की,

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ, स्वागत उद्बोधन उदय सामाजिक विकास संस्था के प्रोग्राम मैनेजर सोनू सोलंकी ने दिया, इसके पश्चात सृजन राज्य समन्वयक सपना जैन ने सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत संचालित सृजन कार्यक्रम के उद्देश्य, उपलब्धियों एवं किशोर-किशोरियों के व्यक्तित्व निर्माण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला, समापन समारोह में प्रशिक्षित बालिकाओं ने मार्शल आर्ट एवं आत्मरक्षा कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, साथ ही तीन प्रतिभागी बालिकाओं ने “मेरी कहानी, मेरी जुबानी” के माध्यम से प्रशिक्षण से आए सकारात्मक बदलावों और अपने अनुभवों को साझा किया।

मास्टर ट्रेनर गायत्री अग्रवाल ने प्रशिक्षण के दौरान सिखाए गए आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण कौशलों की जानकारी दी, इसके बाद बालिकाओं ने पावर बैग प्रदर्शन एवं महिला सशक्तिकरण पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी मास्टर ट्रेनर्स एवं प्रतिभागी किशोर-किशोरियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस के “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया,

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने उदय सामाजिक विकास संस्था, जिला पुलिस, दानदाताओं, ग्राम पंचायतों, प्रशिक्षकों एवं सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में परिवार, समाज और पुलिस की साझा भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिला पुलिस भविष्य में भी सृजन के साथ अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को अपराध से दूर रखने एवं सकारात्मक दिशा देने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी,

कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी अशोक कनेश ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया, समापन आदिवासी लोकनृत्य की रंगारंग प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने पूरे समारोह को सांस्कृतिक उल्लास से भर दिया, कार्यक्रम का मंच संचालन हर्षिता अवस्थी, लीगल एडवाइजर उदय संस्था के द्वारा किया गया ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.