रितेश गुप्ता, झाबुआ/थांदला
जिला प्रशासन के ‘जीवनधारा अभियान’ को सहयोग देते हुए श्री विश्वकर्मा पंचाल विकास सेवा समिति, झाबुआ/आलीराजपुर द्वारा थांदला के मेट्रो गार्डन में चतुर्थ प्रतिभा सम्मान समारोह एवं स्वैच्छिक रक्तदान व रक्त समूह परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रारंभ में स्वागत भाषण समिति के अध्यक्ष जगदीश पंचाल ने दिया और अतिथि परिचय कराया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार सचिव हरीश पंचाल ने माना।
रक्तदान शिविर में दिखा उत्साह
शिविर में युवाओं के साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और 55 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। थांदला नगर परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुनील पणदा ने पहली बार रक्तदान कर महिलाओं को रक्तदान के लिए आगे आने का संदेश दिया। वहीं रक्त समूह परीक्षण शिविर की शुरुआत 11 माह के निवान धर्मेंद्र पंचाल के रक्त समूह परीक्षण से हुई।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक वीरसिंह भूरिया मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता थांदला एसडीएम भास्कर गाचले ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में थांदला नगर परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुनील पणदा एवं दाहोद से आए समाजसेवी धर्मेंद्र पंचाल मौजूद रहे।
रक्तदान से देहदान तक का आह्वान
समाजसेवी धर्मेंद्र पंचाल ने रक्तदान के साथ नेत्रदान एवं अंगदान के लिए भी लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का ऐसा कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद को जीवन मिल सकता है। युवाओं को इस सेवा कार्य में आगे आकर नियमित रक्तदान करना चाहिए।
एसडीएम भास्कर गाचले ने कहा – “समाज का यह कार्य अभिनंदनीय है। प्रतिभा सम्मान से विद्यार्थियों में प्रतियोगी भावना विकसित होगी और रक्तदान शिविर में इतनी बड़ी संख्या में लोगों का आगे आना जागरूक समाज की पहचान है।”
