चुड़ैल बताकर महिला को कमरे में बंद किया, लोहे की सांकल से पीटा, हथेली पर रखा जलता कंडा; बाबा समेत 4 आरोपी अरेस्ट

0

शान ठाकुर, पेटलावद

जिले में अंधविश्वास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। झाड़-फूंक के नाम पर 52 साल की महिला के साथ बर्बरता करने वाले तांत्रिक बाबा समेत चार लोगों को रायपुरिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

*क्या है पूरा मामला*

8 सितंबर को धार जिले के गाडियादग्गड़ की रहने वाली प्रेमबाई (52) की तबीयत बिगड़ी थी। पति गजानंद उपचार के लिए उसे भेरुपाड़ा गांव में लक्ष्मण निनामा के पास ले गया था।

पुलिस के मुताबिक, बाबा लक्ष्मण और उसके साथियों ने महिला पर चुड़ैल का साया होने की बात कही। इसके बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया। आरोपियों ने महिला के साथ थप्पड़-मुक्कों और लोहे की सांकल से मारपीट की। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने उसकी हथेली पर जलता हुआ कंडा रखकर जला दिया।

पीड़िता को गंभीर हालत में सीएचसी धामनोद में भर्ती कराया गया। धामनोद थाने में जीरो पर एफआईआर दर्ज हुई, जिसके बाद मामला रायपुरिया थाने में अपराध क्रमांक 289/2026, धारा 115(2), 118(1), 127(2), 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।

*एसपी के निर्देश पर बनी टीम, चारों पकड़ाए*

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी झाबुआ देवेंद्र पाटीदार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीओपी अनुरक्ति साबनानी के नेतृत्व में थाना रायपुरिया और झकनावदा चौकी की जॉइंट टीम बनाई गई।

झकनावदा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिसौदिया की टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में मुख्य आरोपी लक्ष्मण ने जुर्म कबूल कर लिया है।

*गिरफ्तार आरोपी -*

1. लक्ष्मण पिता रालु निनामा, निवासी भेरुपाड़ा

2. कमलेश पिता लक्ष्मण निनामा, निवासी भेरुपाड़ा

3. बहादुर पिता अंबाराम निनामा, निवासी भानगढ़, सरदारपुर

4. दिनेश पिता बंशी भाबर, निवासी बंधव, मनावर

एसपी ने त्वरित कार्रवाई करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बीमारी या किसी भी समस्या के लिए झाड़-फूंक और अंधविश्वास के चक्कर में न पड़ें, ऐसी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.