गुरुकुल एकेडमी, पेटलावद में इन्वेस्टिचर सेरेमनी ( छात्र शपथ ग्रहण समारोह ) एवं जन्माष्टमी उत्सव का भव्य आयोजन 

0

शान ठाकुर, पेटलावद

गुरुकुल एकेडमी, पेटलावद में इन्वेस्टिचर सेरेमनी एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

इन्वेस्टिचर सेरेमनी के मुख्य अतिथि पेटलावद थाना प्रभारी (टाउन इंस्पेक्टर) निर्भय सिंह जी भूरिया थे। विद्यालय के “प्राचार्य संतोष कुमार ने मुख्य अतिथि का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के नव-निर्वाचित हेड बॉय, हेड गर्ल एवं अरावली, सतपुड़ा, हिमालय और विंध्याचल हाउस के कैप्टनों को विद्यालय एवं हाउस कैबिनेट की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

मुख्य अतिथि निर्भय सिंह भूरिया ने सभी पदाधिकारियों को उनके कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करने की शपथ दिलाई, उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति प्रेरित किया।

इसी क्रम में विद्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव भी अत्यंत श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंडित पंकज नरेन्द्रनंदन दवे एवं विशेष अतिथि राजेश सिन्धराज रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं मंगलमय वातावरण के साथ हुआ।

विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियां एवं भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों ने राधा और कृष्ण की वेशभूषा धारण कर कार्यक्रम की शोभा को और अधिक बढ़ा दिया। इस अवसर पर आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित पंकज नरेन्द्रनंदन दवे ने गुरुकुल एकेडमी की शिक्षण पद्धति को खूब सराहा और कार्यक्रम की बहुत प्रशंसा की विशेष अतिथि राजेश सिन्धराज ने सभी बच्चों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी । विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की गरिमा विद्यालय की प्रेसिडेंट हर्षिता चौहान, अकादमिक डायरेक्टर अतुल मेहता, प्राचार्य संतोष कुमार, समस्त स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति से और बढ़ गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित सभी लोगों ने उत्सव का भरपूर आनंद लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.