मेघनगर में युवाओं के साथ ‘चाय पर चर्चा’, शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप और तकनीक सहित विभिन्न मुद्दों पर हुआ संवाद

0

लोहित झामर, मेघनगर

भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रकाश परमार ने मेघनगर में युवाओं के साथ आत्मीय एवं अनौपचारिक ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान संवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता करते हुए शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप, तकनीक, सोशल मीडिया, कौशल विकास और बदलते दौर में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।

इस अवसर पर प्रकाश परमार ने कहा कि आज की Gen Z केवल डिजिटल दुनिया की पीढ़ी नहीं है, बल्कि नए विचार, नवाचार और बदलाव की क्षमता रखने वाली भारत की सबसे ऊर्जावान शक्ति है। आज का युवा अपनी पहचान के साथ-साथ अपने करियर, अवसरों और देश के भविष्य को लेकर भी सजग है। ऐसे में युवाओं की बात सुनना, उनकी जिज्ञासाओं को समझना और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना बेहद आवश्यक है।

परमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश युवाओं को नए अवसर, मंच और संभावनाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। यदि युवाओं की डिजिटल सोच, आधुनिक दृष्टिकोण और नवाचार की ऊर्जा को राष्ट्रसेवा एवं समाज निर्माण से जोड़ा जाए, तो यही युवा भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने की सबसे बड़ी ताकत बन सकता है।

उन्होंने कहा कि ‘चाय पर चर्चा’ जैसे सहज संवाद युवाओं और संगठन के बीच आत्मीयता का सेतु हैं। ऐसे आयोजनों में बिना किसी औपचारिकता के युवा अपने विचार, समस्याएं और सुझाव खुलकर सामने रख सकते हैं।

अंत में परमार ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल ट्रेंड को फॉलो करने वाली Gen Z न बनें, बल्कि देश में नए ट्रेंड और नई दिशा तय करने वाली Gen Z बनें। उन्होंने कहा कि आज का युवा ही इस उभरते भारत का भविष्य है और देश की नई तस्वीर गढ़ने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.