लोहित झामर, मेघनगर
खेल भावना, रोमांच और उत्साह के माहौल में ग्राम बड़ा घोसलिया में आयोजित तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में उज्जैन, भोपाल, बड़नगर, झाबुआ सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से पहुंची विभिन्न टीमों ने दमखम दिखाते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। रोमांचक मुकाबलों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं ग्रामीणजन मैदान पर मौजूद रहे। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में उज्जैन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ग्रामीण युवाओं की ओर से 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं भोपाल की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जिसे 6 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
