सेवा कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले ग्राम कोटवारों का सम्मान

0

लोहित झामर, मेघनगर

श्री हनुमंत आश्रम पीपलखूंटा में रविवार, 16 अगस्त 2026 को महंत श्री दयारामदास जी महाराज द्वारा ग्राम कोटवारों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विगत गुरु पूर्णिमा के अवसर पर तथा मेघनगर क्षेत्र में सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले ग्राम कोटवारों को धर्मवस्त्र अर्पित कर एवं फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय तहसीलदार विजयकांत पांडे, मेघनगर थाना प्रभारी दिनेश शर्मा एवं पुलिस चौकी रम्भापुर प्रभारी संजय बघेल की विशिष्ट उपस्थिति रही। महंत श्री दयारामदास जी महाराज ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए सेवा कार्य की शास्त्रोक्त एवं व्यवहारिक महत्ता पर प्रकाश डाला तथा समाज एवं क्षेत्र की सेवा में निरंतर योगदान देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पार्थिव शिवलिंग निर्माण करने वाले श्रद्धालु, थांदला से कावड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु, रतलाम की महिला मंडल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार, क्षेत्र में ग्राम कोटवारों के सम्मान का इस प्रकार का आयोजन पहली बार किया गया। सम्मान मिलने से कोटवार वर्ग में विशेष प्रसन्नता एवं उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम ने सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.