रूपगढ़ से युवक हिरासत में, साइबर ठगी के बड़े गिरोह से जुड़े तार होने की आशंका

0

झाबुआ डेस्क। आदिवासी अंचल से साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका में शनिवार को लखनऊ साइबर सेल की टीम ने पेटलावद थाना क्षेत्र के समीपस्थ ग्राम रूपगढ़ से एक युवक को हिरासत में लिया। कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

सूत्रों के अनुसार, साइबर सेल की जांच में उक्त युवक के बैंक खाते से करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री सामने आई थी। इसी आधार पर लखनऊ से पहुंची साइबर सेल की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से युवक को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि मामला एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। सूत्रों का दावा है कि जांच के दायरे में आए इस गिरोह पर हजारों करोड़ रुपये की साइबर ठगी से जुड़े आरोपों की पड़ताल की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस अथवा साइबर सेल की ओर से अभी आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवक को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायालय में पेश किया गया। इसके पश्चात लखनऊ साइबर सेल की टीम उसे अपने साथ लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गई। फिलहाल जांच एजेंसी द्वारा युवक के बैंक खातों, संदिग्ध ट्रांजेक्शन और साइबर नेटवर्क से उसके संभावित संबंधों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले और गिरोह के नेटवर्क को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.