अस्पताल में पत्थरबाजी करने वाला निकला स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी

0

शान ठाकुर, पेटलावद

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झकनावदा में लगातार हो रही पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटनाओं का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल परिसर में दहशत फैलाने वाला कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि स्वास्थ्य विभाग का ही एक कर्मचारी निकला। घटना के खुलासे के बाद अस्पताल स्टाफ सहित पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार रविवार रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की नई बिल्डिंग पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्थरबाजी की गई थी, जिसमें 5 से 6 खिड़कियों के कांच टूट गए थे। घटना के बाद अस्पताल परिसर में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था। अस्पताल स्टाफ और मरीजों में भी दहशत फैल गई थी। इससे पहले भी अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस के कांच तोड़ने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी थीं।

घटना के बाद प्रभारी चिकित्सक डॉ. शोभित शुक्ला द्वारा चौकी झकनावदा में लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी शैलेंद्रसिंह सिसोदिया ने पुलिस टीम के साथ जांच शुरू की। ग्रामीणों और चिकित्सकों की मौजूदगी में अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपी की पहचान स्वास्थ्य विभाग के सफाई कर्मचारी प्रवीण चारण के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने रात के अंधेरे में अस्पताल परिसर में पत्थरबाजी कर खिड़कियों के कांच फोड़े थे। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है तथा उसे एसडीएम के समक्ष पेश किया जाएगा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और अस्पताल स्टाफ में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि जिस अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और सेवा की जिम्मेदारी होती है, वहीं का कर्मचारी यदि इस प्रकार की हरकत करे तो यह पूरे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी प्रवीण चारण के साथ एक महिला भी दिखाई दे रही है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। चौकी प्रभारी शैलेंद्रसिंह सिसोदिया ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और पूरे घटनाक्रम पर पुलिस की नजर बनी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.