पेटलावद। जहां प्रभु के प्रति श्रद्धा हृदय को जोड़ती है, वहीं राष्ट्र के प्रति प्रेम प्रत्येक नागरिक को एक सूत्र में बांधता है। धर्म और राष्ट्रभक्ति के इसी सुंदर समन्वय का भाव बुधवार को नगर के श्रद्धांजलि चौक स्थित गणेश मंदिर में देखने को मिला।
लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर द्वारा आयोजित 10 दिवसीय गणेशोत्सव के अंतर्गत बुधवार को भगवान श्री गणेश की महाआरती के साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। मंदिर परिसर में जब श्रद्धालुओं ने एक स्वर में वंदे मातरम् का उद्घोष किया तो वातावरण भक्तिभाव के साथ राष्ट्रप्रेम की भावना से भी ओतप्रोत हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
