डिलीवरी के नाम पर पैसों की मांग का कथित वीडियो वायरल, स्टाफ नर्स पर कार्रवाई की मांग

0
नोट : झाबुआ लाइव इस वीडियो की पुष्टि नही करता है।

शान ठाकुर, पेटलावद 
सिविल अस्पताल पेटलावद में पदस्थ एक स्टाफ नर्स का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को लेकर अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों से कथित रूप से पैसों की मांग किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

वायरल वीडियो में एक संबंधित व्यक्ति और स्टाफ नर्स के बीच लंबी बातचीत होती दिखाई दे रही है। वीडियो में बातचीत के दौरान डिलीवरी के नाम पर पैसों की मांग किए जाने की बात सामने आती हुई प्रतीत हो रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की वास्तविकता, उसकी पूरी बातचीत और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर स्टाफ नर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में प्रसव जैसी संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाओं के दौरान यदि किसी मरीज या परिजन से अनधिकृत रूप से राशि की मांग की गई है तो यह गंभीर विषय है। वहीं, पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना यह है कि वायरल वीडियो को लेकर स्वास्थ्य विभाग अथवा अस्पताल प्रबंधन की ओर से क्या संज्ञान लिया जाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.