मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का भुगतान अटका, महीनों से भटक रहे व्यापारी

0

लोहित झामर

मेघनगर। मेघनगर जनपद में मार्च माह में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हुए सामूहिक विवाह समारोह में टेंट, लाइट, साउंड, कैटरिंग, सजावट, फोटोग्राफी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में सेवाएं देने वाले कई व्यापारियों का भुगतान अब तक नहीं हो पाया है। लंबे समय से राशि अटकी होने के कारण व्यापारियों में भारी नाराजगी और चिंता का माहौल है।

व्यापारियों का कहना है कि कार्यक्रम संपन्न हुए कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन मेहनत से किए गए कार्य का भुगतान आज तक नहीं मिला। भुगतान के लिए वे कई बार संबंधित अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें नई तारीख देकर टाल दिया जाता है। आश्वासन तो मिल जाता है, लेकिन भुगतान कब होगा, इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा।

व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने कार्यक्रम के लिए अपनी जेब से खर्च कर व्यवस्थाएं की थीं। अब भुगतान नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई व्यापारियों पर उधारी और कर्मचारियों के भुगतान का दबाव भी बढ़ता जा रहा है।

व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के लंबित भुगतानों का शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उनका कहना है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन करने पर भी विचार करेंगे।

व्यापारियों का कहना है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं में कार्य करने वाले लोगों को समय पर भुगतान मिलना चाहिए। यदि भुगतान में लगातार देरी होती रही तो भविष्य में ऐसे आयोजनों में कोई भी व्यापारी कार्य करने से हिचकिचाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.