सेजावाड़ा की महिला शक्ति ने रचा आत्मनिर्भरता का नया अध्याय, मसाला एवं दोना-पत्तल यूनिट को मिली नई पहचान

0

भूपेंद्र चौहान, चंद्रशेखर आजाद नगर 

ग्राम सेजावाड़ा में विकास स्व-सहायता समूह (SHG) की महिलाओं द्वारा संचालित मसाला यूनिट एवं दोना-पत्तल यूनिट का एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यूनिट में चल रही गतिविधियों, उत्पादन कार्य एवं महिलाओं द्वारा किए जा रहे नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।

फूड लाइसेंस अधिकारी द्वारा यूनिट का विस्तृत निरीक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराई गईं तथा फूड लाइसेंस की प्रक्रिया भी संपन्न की गई। लाइसेंस प्रक्रिया पूर्ण होने से अब यूनिट द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को व्यापक स्तर पर बाजार तक पहुंचाने का मार्ग और अधिक सुगम होगा।

महिलाओं के सामूहिक प्रयास से संचालित यह यूनिट क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है। मसाला निर्माण एवं दोना-पत्तल उत्पादन के माध्यम से समूह की महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन रही हैं।

ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.