कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा—हर पात्र व्यक्ति को मिले शासन की योजनाओं का लाभ, शिविर में प्राप्त समस्याओं का होगा प्राथमिकता से निराकरण
फिरोज खान, चंद्रशेखर आजाद नगर
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत चंद्रशेखर आजाद नगर के कृषि मंडी परिसर में अभियान के चौथे शिविर का आयोजन किया गया । शिविर को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। यदि किसी कारणवश किसी व्यक्ति को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है तो वह संबंधित विभाग के अधिकारी से संपर्क कर अपनी समस्या का निराकरण करा सकता है। उन्होंने कहा कि शिविर में किसी समस्या का निराकरण नहीं हो पाता है तो उसे जिला स्तर पर बैठकर हल किया जाएगा। जिला स्तर पर भी समाधान नहीं होने पर संभाग स्तर तथा आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में भोपाल स्तर पर समस्या का निराकरण किया जाएगा।
