चंद्रशेखर आजाद नगर में कैबिनेट मंत्री का जन संवाद, जमीन अधिग्रहण की अफवाहों का खंडन किया

0

फिरोज खान, चंद्रशेखर आजाद नगर

 चंद्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) नगर पंचायत क्षेत्र के मंडी प्रांगण में आयोजित जन विश्वास अभियान शिविर में कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में कुछ लोग जमीन अधिग्रहण को लेकर झूठी अफवाहें फैलाकर वोट की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी किसान की जमीन कोई नहीं छीन सकता, बल्कि सरकार किसानों को जमीन के पट्टे बांट रही है।

आमजन से इन शिविरों का लाभ लेने की अपील करते हुए मंत्री ने बताया कि अगला शिविर 5 सितंबर को जोबट के कनवाड़ा में आयोजित होगा। जो शिकायतें स्थानीय स्तर पर हल नहीं होंगी, उन्हें जिला, इंदौर या भोपाल स्तर तक ले जाया जाएगा। यदि किसी कारणवश समाधान संभव नहीं होता है, तो आवेदक को इसकी पूर्व सूचना दी जाएगी। वार्ड क्रमांक 8 और 9 में ऊंचाई के कारण पानी न पहुंचने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने कुआं खोदकर जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की घोषणा की। माधुसिंह डावर द्वारा उठाए गए वन भूमि पट्टों के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि इस विषय को जिला योजना समिति या दिशा समिति की बैठक में रखकर शासन को भेजा जाएगा, ताकि शेष पात्र लोगों को भी पट्टे मिल सकें।

राशन वितरण में सख्ती और नई सड़कों की सौगात

राशन दुकानों के सेल्समैन द्वारा अंगूठा लगवाने के कई दिन बाद तक अनाज न देने की शिकायतों पर मंत्री ने सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिस दिन उपभोक्ता अंगूठा लगाए, उसी दिन उसे तत्काल राशन दिया जाए। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि जिले में सबसे अधिक 64 सड़कें भाबरा में मंजूर हुई हैं, जिनका निर्माण कार्य दीपावली के बाद शुरू कर दिया जाएगा। इस अवसर पर कलेक्टर नीतू माथुर, पुलिस अधीक्षक, माधुसिंह डावर सहित जिले के सभी आला अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.