फिरोज खान, चंद्रशेखर आजाद नगर
चंद्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) ईश्वर सिंह कटारिया अपनी 42 वर्षों की गौरवपूर्ण और निष्कलंक शासकीय सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर थाना प्रांगण में एक भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
थाना प्रभारी शिवराम तरोले ने कटारिया को शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, सेजावाड़ा चौकी प्रभारी जयवीर भदौरिया, बरझर चौकी प्रभारी शिवा तोमर और एएसआई तिलकराज सिंह सहित समस्त पुलिस स्टाफ ने पुष्पमाला पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी शिवराम तरोले ने कहा कि कटारिया ने पुलिस विभाग में 42 वर्षों तक पूरी ईमानदारी, निष्ठा और बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया है। उनका बेदाग सेवानिवृत्त होना काबिले-तारीफ है।
बरझर चौकी प्रभारी शिवा तोमर ने कहा, “पद में भले ही हम बड़े हों, लेकिन कटारिया जी जैसे वरिष्ठ और अनुभवी साथियों से विभाग में बहुत कुछ सीखने को मिलता है। हमने उनसे कार्यशैली के कई गुण सीखे हैं।” सेजावाड़ा चौकी प्रभारी भदौरिया ने भी उनके सुखद और स्वस्थ सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
