मिड-डे मील में लापरवाही: बच्चों को परोसी जा रही थी जली रोटियां, शिक्षा का गिरता स्तर देख जिपं सीईओ ने लगाई क्लास
मयंक विश्वकर्मा, आम्बुआ
आलीराजपुर जिले के आम्बुआ में जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम के औचक निरीक्षण से हड़कंप मच गया। ग्राम पंचायत की समीक्षा बैठक के बाद सीईओ अचानक बालक एवं बालिका प्राथमिक विद्यालय पहुंच गईं। यहां मध्यान्ह भोजन में भारी लापरवाही और बच्चों का पढ़ाई में बेहद कमजोर स्तर देखकर उन्होंने जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई। बच्चों को जली हुई रोटियां परोसे जाने और मीनू के अनुसार सब्जी न होने पर सीईओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्व-सहायता समूह पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस औचक निरीक्षण के बाद क्षेत्र की अन्य शिक्षण संस्थाओं में भी दहशत का माहौल है कि अगला नंबर उनका न आ जाए।
स्कूल की बदहाली: जली रोटियां और पढ़ाई में कमजोर बच्चे
समीक्षा बैठक के बाद जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम, अतिरिक्त सीईओ सिद्ध गोपाल वर्मा और जनपद सीईओ प्रिया काग ने प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण किया। यहां स्व-सहायता समूह द्वारा बनाए जा रहे मध्यान्ह भोजन की स्थिति बेहद खराब मिली। बच्चों को मीनू के विपरीत खाना दिया जा रहा था, जिसमें सब्जी नदारद थी और रोटियां जली हुई थीं।
भोजन की गुणवत्ता देखने के बाद अधिकारियों ने कक्षाओं का जायजा लिया और बच्चों से चर्चा की। बातचीत में बच्चे पढ़ाई में काफी कमजोर पाए गए। स्कूल में बच्चों की दर्ज संख्या कम होने के कारण सामूहिक कक्षाएं संचालित की जा रही थीं। शिक्षा के इस गिरते स्तर और अव्यवस्थाओं को देखकर सीईओ गौतम ने शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई।
