15 अगस्त एवं “हर घर तिरंगा” अभियान को लेकर अनुभाग स्तरीय बैठक आयोजित

0

लोहित झामर, मेघनगर

आगामी स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त एवं “हर घर तिरंगा” अभियान के सफल, गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर सोमवार को अनुभाग स्तरीय बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अवनधति प्रधान ने की।

बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। शासकीय भवनों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, तिरंगा सजावट, कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं सहित सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।

“हर घर तिरंगा” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। एसडीएम अवनधति प्रधान ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तिरंगा यात्राओं, जागरूकता गतिविधियों एवं विद्यालयों में देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।

उन्होंने नागरिकों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने तथा अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित गतिविधियों को समय-सीमा में पूरा करें, ताकि स्वतंत्रता दिवस एवं “हर घर तिरंगा” अभियान उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो।

बैठक में तहसीलदार विजयकांत पांडे, बीईओ दीपेश सोलंकी, बीआरसी महेश सोलकी, बीएमओ डॉ. विनोद नायक, प्रभारी परियोजना अधिकारी अर्चना सांकते, जनपद अध्यक्ष, जनपद उपाध्यक्ष, नगर परिषद एवं जनपद पंचायत के प्रतिनिधि, पत्रकारगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.