मयंक विश्वकर्मा, आम्बुआ
ग्राम पंचायत आम्बुआ में लंबे समय से जर्जर अवस्था में पड़े पुराने पंचायत भवन, ग्राम पंचायत सचिवालय सहित अन्य भवनों को गिराने की दिशा में कार्रवाई शुरू हो गई है। इन जर्जर भवनों की समस्या को लेकर पूर्व में समाचारों के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया था। इसके बाद ग्राम पंचायत ने मामले को संज्ञान में लेते हुए इन भवनों को गिराने के लिए ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित किया।
जर्जर भवनों की स्थिति को देखते हुए इनके आसपास किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। विशेषकर वर्षाकाल को देखते हुए इन भवनों को गिराना आवश्यक माना जा रहा था। इसी को लेकर ग्राम पंचायत द्वारा जनपद पंचायत अलीराजपुर को पत्र लिखकर जर्जर भवनों को गिराने की मांग की गई थी। ग्राम पंचायत की मांग पर जनपद पंचायत अलीराजपुर द्वारा अधिकारियों की एक टीम गठित कर आम्बुआ भेजी गई। शुक्रवार को टीम ने मौके पर पहुंचकर पुराने पंचायत भवन, पंचायत सचिवालय सहित अन्य जर्जर भवनों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भवनों की स्थिति का जायजा लेकर पंचनामा तैयार किया तथा आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाने की बात कही।
