जितेंद्र वर्मा, जोबट
श्रावण माह के पावन अवसर पर शुक्रवार को जोबट में भव्य श्री सिद्धेश्वर कांवड़ यात्रा निकाली गई। शिवालय प्रांगण से सुबह 11 बजे शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कंधों पर कांवड़ लेकर मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा।
कांवड़ यात्रा शिवालय प्रांगण से शुरू होकर अटल चौक, लक्ष्मीगंज मार्ग, राम मंदिर, गांधी चौक, कृष्ण मंदिर चौराहा एवं किला जोबट मार्ग होते हुए ग्राम उंडारी स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यात्रा में युवाओं के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
सर्व समाज ने किया कांवड़ यात्रियों का स्वागत
यात्रा मार्ग में सर्व समाज के लोगों द्वारा कांवड़ यात्रियों का जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया गया। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं विभिन्न समाजों के लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए पानी, शरबत और जलपान की व्यवस्था की। सेवा भाव के साथ किए गए स्वागत से कांवड़ यात्रियों का उत्साह और बढ़ गया।
