बोरी में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ: पं. कैलाश त्रिपाठी ने कराया अमृत रसपान

0

संजय गांधी, बोरी 

पवित्र पितृ पक्ष के पावन अवसर पर ग्राम बोरी में सर्व समाज के पितरों की आत्मशांति, मोक्ष एवं तर्पण के पुनीत उद्देश्य से समस्त हिंदू समाज एवं ग्रामवासियों के संयुक्त सहयोग से संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिवस पर विख्यात कथा वाचक व्यास पंडित श्री कैलाश जी त्रिपाठी (अमरगढ़ वाले) के मुखारविंद से श्रद्धालुओं को अमृतमयी कथा का रसपान कराया गया।

ढोल की मधुर थाप एवं जयकारों के साथ निकली भव्य कलश यात्रा…

कथा के शुभारंभ अवसर पर प्रातःकाल पूरे गांव में विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बोरी महाशक्ति महिला मंडल की सदस्याओं, माताओं-बहनों एवं बालिकाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर उत्साहपूर्वक भाग लिया। ढोल-ढमाकों और भगवान के मंगल जयकारों के साथ निकली यह शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल पर पहुंची। जगह-जगह ग्रामीणों व श्रद्धालुओं द्वारा कलश यात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे संपूर्ण ग्राम का वातावरण भक्तिमय व धर्ममय हो गया।

अर्पण, समर्पण और तर्पण से मिलता है पितरों को मोक्ष: पं. त्रिपाठी

व्यासपीठ से प्रवचन देते हुए पंडित कैलाश जी त्रिपाठी ने पितृ पक्ष और श्रीमद् भागवत महापुराण के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि, “जब भी आप कथा श्रवण के लिए घर से निकलें, तो सबसे पहले अपने पितरों के निमित्त एक पुष्प अर्पित करें और ज्योत प्रज्वलित करके ही आएं। जीवन में अर्पण, समर्पण और तर्पण की भावना से ही पितरों को परम मोक्ष और शांति प्राप्त होती है। भागवत कथा का श्रवण समस्त सांसारिक कष्टों और पापों का निवारण करता है।”

10 अक्टूबर तक बहेगी भक्ति की रसगंगा

आयोजन समिति के मनोज राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पावन श्रीमद् भागवत कथा 4 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 10 अक्टूबर 2026 तक निरंतर चलेगी। कथा का आयोजन ग्राम बोरी स्थित सामुदायिक भवन में प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक किया जा रहा है।

समस्त हिंदू समाज व ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ अर्जित करने का भावपूर्ण निवेदन किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.