नानपुर। नगर में दस दिवसीय गणेश उत्सव का समापन श्रद्धा, भक्ति और भावुक माहौल के बीच हुआ। अंतिम दिवस नगर के सभी गणेश पंडालों में भगवान श्री गणेश को खीर, पूड़ी, भजिए सहित विभिन्न प्रसाद का भोग लगाया गया। इसके बाद विधि-विधान से आरती कर गणेश प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए विदाई दी गई।
गणेश विसर्जन के अवसर पर विभिन्न गणेश उत्सव समितियों द्वारा अपने-अपने पंडालों से प्रतिमाओं को सजाकर डीजे की धुन पर भक्तिभाव से जुलूस निकाला गया। जुलूस नगर के प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों से होकर सेजगांव स्थित हथनी नदी पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजन-अर्चन कर भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया। इस दौरान “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
