विश्व पर्यावरण दिवस पर धरती को संवारने का संकल्प, सहयोग गार्डन में श्रमदान कर निकाली एक ट्रॉली कचरा

0

आलीराजपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्थानीय सहयोग गार्डन में सहयोग संस्था द्वारा श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने धरती को संवारने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए करीब दो घंटे तक श्रमदान किया। इस दौरान गार्डन से एक ट्रॉली कचरा निकालकर परिसर की व्यापक साफ-सफाई की गई।

श्रमदान के बाद उपस्थित सदस्यों ने आलीराजपुर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने के लिए “ग्रीन सिटी, क्लीन सिटी” अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। संस्था अध्यक्ष राजीव शाह ने आगामी वर्षाकाल में प्रस्तावित पौधारोपण अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि नगर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधे लगाए जाएंगे।

सहयोग गार्डन प्रभारी दीपक दीक्षित ने बताया कि वर्षा ऋतु के दौरान चरणबद्ध तरीके से पौधारोपण की योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए संस्था के सदस्य तन-मन-धन से सहयोग करेंगे तथा पौधों की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन से भी चर्चा की जा रही है। उन्होंने बताया कि नगर के सूने पड़े गार्डन एवं सार्वजनिक स्थलों को हरियाली से आच्छादित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

संस्था के संरक्षक कैलाश भाई कमेड़िया ने सहयोग गार्डन के विकास के लिए प्रवेश द्वार पर अतिरिक्त कक्ष निर्माण का प्रस्ताव रखा, जिसका उपस्थित सदस्यों ने समर्थन किया। मार्गदर्शक मंडल के गोविंद जोशी एवं सुरेश दा माहेश्वरी ने संस्था से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने और सदस्यता अभियान चलाने पर बल दिया, ताकि पर्यावरण संरक्षण का अभियान पूरे नगर में प्रभावी रूप से संचालित किया जा सके।

संस्था संयोजक आशुतोष पंचोली ने सभी सदस्यों को पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अविनाश वाघेला, पूर्व अध्यक्ष राकेश चौहान,  पूर्व अध्यक्ष आशुतोष दुबे, रुपाल सिंह, ढोकल सिंह, महिला मंडल की प्रीति शाह, प्रतिभा पंचोली, सूरज जोशी सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर असाड़ा राजपूत समाज के वरिष्ठ समाजसेवी अरुण गेहलोद ने अपनी पुत्रवधू के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सहयोग संस्था को 1100 रुपये की नगद राशि भेंट की तथा आगामी पौधारोपण अभियान में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के अंत में गार्डन प्रभारी दीपक दीक्षित ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया

Leave A Reply

Your email address will not be published.