कंधों पर कांवड़, नर्मदा जल लेकर उंडारी पहुंचे शिवभक्त, पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

श्रावण माह के पावन अवसर पर शुक्रवार को जोबट में भव्य श्री सिद्धेश्वर कांवड़ यात्रा निकाली गई। शिवालय प्रांगण से सुबह 11 बजे शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कंधों पर कांवड़ लेकर मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा।

कांवड़ यात्रा शिवालय प्रांगण से शुरू होकर अटल चौक, लक्ष्मीगंज मार्ग, राम मंदिर, गांधी चौक, कृष्ण मंदिर चौराहा एवं किला जोबट मार्ग होते हुए ग्राम उंडारी स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यात्रा में युवाओं के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

सर्व समाज ने किया कांवड़ यात्रियों का स्वागत

यात्रा मार्ग में सर्व समाज के लोगों द्वारा कांवड़ यात्रियों का जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया गया। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं विभिन्न समाजों के लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए पानी, शरबत और जलपान की व्यवस्था की। सेवा भाव के साथ किए गए स्वागत से कांवड़ यात्रियों का उत्साह और बढ़ गया।

नर्मदा जल से किया भगवान शिव का अभिषेक

उंडारी स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

आयोजन का संदेश ‘एक लोटा जल, हर समस्या का हल’ रखा गया। आयोजकों ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, त्याग, तपस्या और भगवान शिव के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

संतों की मौजूदगी से बढ़ा धार्मिक उत्साह

कांवड़ यात्रा में पं. राघव प्रदीप जी मिश्रा, सीहोर वाले के साथ शिवम मिश्रा की भी उपस्थिति रही। संतों एवं अतिथियों की मौजूदगी से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान भजन और शिव स्तुति के साथ श्रद्धालु महादेव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।

आयोजक ने जताया आभार

यात्रा के सफल आयोजन पर आयोजक श्रीमती रमिला दीपक चौहान ने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं, संतों, सर्व समाज, स्थानीय व्यापारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। जोबट से उंडारी तक निकली कांवड़ यात्रा ने पूरे क्षेत्र को शिवभक्ति के रंग में रंग दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.