ब्रजेश श्रीवास्तव, छकतला वाहन चेकिंग की आड़ में पुलिस की मनमानी और अवैध वसूली से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा अब फूटने लगा है। आलीराजपुर जिले के बखतगढ़ और छकतला पुलिस चौकी क्षेत्र में जारी इस परेशानी को लेकर सोमवार (8 जून) को ‘जनजाति विकास मंच’ के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बखतगढ़ थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर कड़ा विरोध जताया है। सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि यातायात चेकिंग के नाम पर पुलिस अपनी हदें पार कर रही है। दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों पर भारी दबाव बनाया जा रहा है तथा चालान काटे बिना ही अवैध रूप से पैसे की मांग की जा रही है। इलाज के लिए अस्पताल जाने वाले परिवारों के साथ ही स्थानीय कामकाज से बाजार आने वाले 10 किलोमीटर दायरे के सभी ग्रामीणों को आरटीओ के आदेश बिना बेवजह रोका और परेशान किया जा रहा है। मंच ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यह अभी सिर्फ एक सांकेतिक आवेदन है। यदि चेकिंग की आड़ में आम लोगों को तंग करना बंद नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन के जरिए थाना प्रभारी से आग्रह किया गया है कि वे मामले को तत्काल संज्ञान में लें और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखें। Post navigation ग्राम बयड़िया में अतिक्रमण और गिट्टी खदान की ब्लास्टिंग से ग्रामीण परेशान, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन छकतला में लगातार दो रातों में दो बाइक चोरी, पुलिस जांच में जुटी