ब्रजेश श्रीवास्तव, छकतला

छकतला सेक्टर के अंतर्गत आने वाले सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 26 से 28 सितंबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान – आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया। साथ ही स्वास्थ्य, स्वच्छता और बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर कई गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम में सांसद अनीता चौहान, जनपद अध्यक्ष रेवली बाई, जनपद उपाध्यक्ष विक्रम सिंह भायड़िया, ग्राम सरपंच सुरेश, समाजसेवी उषान सिंह गरासिया, रुजन पटेल और वीरसिंह सहित अन्य पदाधिकारियों एवं विशेष महिला हितग्राहियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान अतिथियों द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडली बहना योजना, लाडली लक्ष्मी योजना और आयुष्मान भारत जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, इन योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद कर उनके अनुभव और मिलने वाले लाभ की जानकारी भी प्राप्त की गई।

तीन दिवसीय इस अभियान के दौरान केंद्रों पर क्रमवार तरीके से विभिन्न रचनात्मक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पर्यावरण और साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं और प्रधानमंत्री के पत्र का वाचन किया गया। इसके अलावा महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा धात्री माताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया। वहीं, बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें फल, मिष्ठान और कॉमिक्स का वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *