ब्रजेश श्रीवास्तव, छकतला आलीराजपुर जिले की सोंडवा तहसील के ग्राम बयड़िया के निवासियों ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और गिट्टी खदान की समस्याओं को लेकर नायब तहसीलदार हीरालाल एस्के को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया है कि गांव में संचालित गिट्टी खदान द्वारा शासन के साथ किए गए अनुबंध और स्वीकृत सीमा से अधिक भूमि पर कार्य किए जाने की आशंका है। खदान में होने वाले लगातार ब्लास्टिंग के कारण ग्रामीणों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और उनके मकानों की दीवारों में दरारें आ रही हैं। इसके साथ ही, पर्यावरण प्रभावित हो रहा है और भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है, जिससे भविष्य में पेयजल संकट उत्पन्न होने की संभावना बढ़ रही है। https://jhabualive.com/wp-content/uploads/2026/06/WhatsApp-Video-2026-06-02-at-3.50.01-PM.mp4 ग्रामवासियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी प्रमुख मांग रखते हुए कहा है कि ग्राम की आबादी, पर्यावरण, पेयजल स्रोतों और जन-सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए गिट्टी खदान को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। इसके अतिरिक्त ग्राम की शासकीय भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण को भी रोकने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण भविष्य में शासकीय भवनों, सामुदायिक सुविधाओं और विकास कार्यों हेतु भूमि उपलब्ध कराने में कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से यह आग्रह किया गया है कि ग्राम बयड़िया की समस्त शासकीय भूमि और खदान क्षेत्र का शीघ्र सीमांकन (नाप-जोख) कराया जाए। साथ ही, खदान द्वारा स्वीकृत क्षेत्र से अधिक भूमि पर किए गए किसी भी अतिक्रमण एवं शासकीय भूमि पर हुए अवैध कब्जों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया है कि जनहित और ग्राम विकास को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर शीघ्र उचित कदम उठाए जाएंगे। ज्ञापन देते समय रसिक कनेश, अरविंद, विक्रमसिंह, गणपत सरपंच, सुभाष, भुवान सिंह,प्रकाश, पोपट, शंकर, जेंती, जितेन्द्र, मुकेश, आदि मौजूद रहे। Post navigation शादी समारोह से युवक लापता, तलाश में जुटी पुलिस बखतगढ़ में यातायात चेकिंग से ग्रामीण परेशान, अवैध वसूली के विरोध में पुलिस को दिया आवेदन