फिरोज खान, ब्यूरो चीफ अलीराजपुर

मध्यप्रदेश में बीते कई दिनों से भारी बारिश का दौर चल रहा है। प्रदेश के लगभग सभी संभागों में बादल जमकर बरस रहे हैं, लेकिन इस बीच राज्य के 3 जिले ऐसे हैं जहां नाममात्र की ही बारिश हुई है। राज्य सरकार से जारी आंकड़ों के मुताबिक, मध्यप्रदेश के 3 जिलों जिसमें अलीराजपुर, डिंडोरी और रीवा में बेहद कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से 27 जुलाई तक अलीराजपुर में अब तक 312 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से 11 फीसदी कम है। इसके अलावा डिंडोरी में 451 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो कि सामान्य से 20 फीसदी कम है, तो वहीं रीवा में अब तक 274.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो कि सामान्य से 24 फीसदी कम है। हालांकि इन जिलों में पिछले 48 घंटे से घने बादल छाए हैं और छिटपुट बारिश भी हो रही है. जिससे कुछ जगहों पर धान की रोपाई में तेजी आई है, जबकि इन तीनों जिलों के कई क्षेत्रों को अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार है। भले ही मध्यप्रदेश के 3 ज़िलों में सामान्य से कम बारिश हुई है. वहीं राहत की खबर ये है कि राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में सामान्य या उससे अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश में इस साल मॉनसून में 1 जून से 27 जुलाई तक 22 जिलों में सामान्य से 20 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है, जबकि एमपी के 26 जिलों में सामान्य बारिश रिकॉर्ड हुई है। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक, उज्जैन, इंदौर, जबलपुर, मण्डला, दमोह, टीकमगढ़, उमरिया, झाबुआ, खंडवा, नीमच, रतलाम, शाजापुर, भिंड, आगर-मालवा, मुरैना, शिवपुरी, गुना, दतिया, सीहोर, होशंगाबाद, रायसेन और राजगढ़ में सामान्य से ज़्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है. वहीं सामान्य बारिश वाले जिलों में बालाघाट, छिंदवाड़ा, कटनी, सिवनी, सागर, पन्ना, नरसिंहपुर, सीधी, छतरपुर, सिंगरौली, सतना, शहडोल, अनूपपुर, धार, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, मंदसौर, देवास, श्योपुरकलां, ग्वालियर, भोपाल, विदिशा, हरदा, बैतूल और अशोकनगर शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *