खाली कैरेट की आड़ में खैर की लकड़ी की तस्करी, वन विभाग ने पकड़ा वाहन

0

रमेश कनेश, बखतगढ़

लकड़ी तस्करों ने वन विभाग को चकमा देने के लिए बोलेरो पिकअप में खाली कैरेट की परत बनाकर उसके पीछे कीमती खैर की लकड़ी छिपा रखी थी। मथवाड़ वन क्षेत्र के रेंजर तरुण अनिया को मुखबिर से इस अवैध कटाई और तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद वन अमले ने शनिवार सुबह 5 से 6 बजे के बीच कटवाड़ा के पास मधुपल्लवी-उंदरी रोड पर घेराबंदी की।

छकतला की तरफ आ रही पिकअप को जब टीम ने रोकने का इशारा किया, तो तस्कर खुद को घिरता देख वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। टीम ने जब लावारिस वाहन की तलाशी ली, तो खाली कैरेट्स के पीछे छिपाई गई करीब सवा घन मीटर अवैध खैर की लकड़ी बरामद हुई। इस पूरी कार्रवाई में डिप्टी रेंजर स्वरूप सिंह मोरी के साथ बीट गार्ड सुरेंद्र सिंह मेहता, नरेंद्र बारिया, अजय कनेश, बबलू वास्केल और राजू अवास्या की अहम भूमिका रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.