गणपति उत्सव में सेवा की मिसाल : पेटलावद के श्री सिद्धिविनायक मित्र मंडल ने लिया अनोखा संकल्प 

0

शान ठाकुर, पेटलावद

गणपति बप्पा के आगमन की तैयारियों के बीच पेटलावद के श्री सिद्धिविनायक मित्र मंडल ने इस वर्ष भक्ति के साथ मानवता और सेवा का संदेश देने वाली अनूठी पहल की है। मंडल ने निर्णय लिया है कि गणेश उत्सव के दौरान होने वाले अनावश्यक खर्च और दिखावे में कटौती कर बचाई गई राशि को नेपाल के बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में देने का प्रयास किया जाएगा।

मंडल अध्यक्ष प्रीतम कुमार सेठिया ने कहा कि गणपति बप्पा का उत्सव केवल पूजा-पाठ और सजावट तक सीमित नहीं होना चाहिए। भगवान गणेश हमें जरूरतमंदों की मदद और मानवता की सेवा का भी संदेश देते हैं। ऐसे में यदि उत्सव के खर्च में थोड़ी कटौती कर किसी पीड़ित परिवार की मदद की जा सके तो इससे बड़ी सेवा और क्या होगी।

सेठिया ने कहा कि नेपाल में बाढ़ की प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवार कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। ऐसे समय में उनके साथ खड़ा होना मानवीय जिम्मेदारी है। मंडल का प्रयास है कि इस वर्ष गणपति उत्सव की खुशियों में जरूरतमंदों को भी शामिल किया जाए। मंडल के इस सेवा संकल्प में संयोजक विमल कुमार चाणोदिया, रवि सोलंकी, विपुल भंडारी, मोहित सेठिया, आदित्य सोनी, सिद्धू गूगलिया, वैभव सेठिया, चेतन झलोक, ऋषभ सेठिया, गौरव सोनी, दीपक सोलंकी एवं अभिषेक चोपड़ा सहित श्री अंबिका मित्र मंडल और अन्य सदस्यों का सहयोग रहेगा।

नगरवासियों से अपील—उत्सव को सेवा का पर्व बनाएं

मंडल ने नगरवासियों से अपील की है कि गणेश उत्सव को केवल सजावट और आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे सेवा, संवेदना और सहयोग का पर्व बनाएं। मंडल का कहना है कि त्योहार की असली खुशी तब और बढ़ जाती है, जब उसकी रोशनी किसी जरूरतमंद के जीवन में भी पहुंचती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.