पुलिस विभाग में पदोन्नति से कर्मचारियों का बढ़ा उत्साह, 23 पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को मिली पदोन्नति

0

आलीराजपुर। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी निर्देशों एवं निर्धारित पदोन्नति प्रक्रिया के पालन में जिला पुलिस बल आलीराजपुर के कुल 23 अधिकारियों/कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की गई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर रघुवंश सिंह द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि विभागीय सेवा अभिलेखों, गोपनीय चरित्रावली, वरिष्ठता एवं पदोन्नति हेतु निर्धारित मापदण्डों के परीक्षण उपरांत पात्र पाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उच्च पद का कार्यभार सौंपा गया है।

पदोन्नति प्राप्त करने वाले कर्मचारियों में 03 प्रधान आरक्षकों को कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक (ASI) तथा 20 आरक्षकों को कार्यवाहक प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया है। उक्त पदोन्नति से न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह द्वारा पदोन्नत हुए 03 प्रधान आरक्षकों को कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक पद के स्टार लगाकर सम्मानित किया गया तथा 20 आरक्षकों को कार्यवाहक प्रधान आरक्षक पद की फीत लगाकर उन्हें नवीन दायित्वों के निर्वहन हेतु शुभकामनाएं प्रदान की गईं। उन्होंने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों में भी वृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि सभी पदोन्नत कर्मचारी अपने नवीन दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण भाव से निर्वहन करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी बेहतर कार्य करने, विभागीय उपलब्धियां अर्जित करने तथा आगामी पदोन्नतियों के लिए निरंतर प्रयासरत रहने हेतु प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल, रक्षित निरीक्षक इनोद रंधावा सहित जिला पुलिस कार्यालय एवं रक्षित केन्द्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पदोन्नत हुए पुलिसकर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.