शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल रायपुरिया में राष्ट्रीय कृमिमुक्त दिवस का शुभारंभ

0

शान ठाकुर, पेटलावद

राष्ट्रीय कृमिमुक्त दिवस के अवसर पर आज शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, रायपुरिया में राष्ट्रीय कृमिमुक्ति अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. एम.एल. चौपड़ा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला झाबुआ द्वारा बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर किया गया। इस अवसर पर डॉ. चौपड़ा ने स्वयं भी एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन कर बच्चों एवं उपस्थितजनों को कृमिमुक्ति अभियान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. एम.एल. चौपड़ा ने बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में विस्तार से समझाइश दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, शारीरिक विकास एवं पोषण की स्थिति में सुधार के लिए समय-समय पर कृमिनाशक दवा का सेवन आवश्यक है। उन्होंने बच्चों से हाथों की स्वच्छता, साफ-सफाई रखने, स्वच्छ भोजन एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में डॉ. अंतिम कुमार सोलंकी, खंड चिकित्सा अधिकारी पेटलावद; डॉ. प्रताप भूरिया, चिकित्सा अधिकारी रायपुरिया; डॉ. जयेश स्वर्णकार, सीएचओ; श्री पृथ्वीपाल सिंह चुण्डावत, प्रभारी विकासखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक, पेटलावद; श्री अमृतलाल राठौड़, सेक्टर सुपरवाइजर रायपुरिया सहित स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय कृमिमुक्ति अभियान का उद्देश्य बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके स्वास्थ्य, पोषण, शारीरिक विकास एवं सीखने की क्षमता में सुधार करना है। अभियान के अंतर्गत पात्र बच्चों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक बच्चों को कृमिमुक्त करने के लिए समन्वित प्रयास करने का संकल्प लिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.