वार्षिकोत्सव समापन: मनमोहक नृत्य पर झूमी छात्राएं, अतिथियों ने किया पुरस्कृत

- Advertisement -

झाबुआ लाइव के लिए पेटलावद से हरीश राठौड़ की रिपोर्ट-
स्कूल विद्या का मंदिर है। यहां पढऩे वाले बच्चों में सच्ची देश भक्ति का निर्माण होता है। नौनिहालो को भारतीय संस्कार दिए जाते है। विद्यालय में समाज व देशभक्ति की शिक्षा दी जाती है। विद्यालय संस्कारो का मंदिर है। जो संस्कार बचपन से बच्चों में रोपे जाते है और समय-समय पर उनका परिमार्जन होता रहे तो यह संस्कार जीवनभर उनके काम आते रहे है। अन्यथा बच्चों में विकृतियां आ जाती है। यह बाते नगर परिषद अध्यक्ष संगीता विनोद भंडारी ने कही। वे शासकीय कन्या उमावि में वार्षिकोत्सव के समापन के अवसर पर छात्राओ को संबोधित कर रही थी। शासकीय कन्या उमावि पेटलावद का तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव समारोह रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। जिसमें बालिकाओं ने देशभक्ति ओर संस्कृति से ओत-प्रोत गीतों पर नृत्य कर सभी का मनमोहा। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य प्रबंधक राजेश बैरागी, पूर्व नपं अध्यक्ष विनोद भंडारी, बीएमओ डॉक्टर केडी मंडलोई मौजूद थे। स्वागत भाषण प्राचार्य योगेंद्र प्रसाद ने दिया। समापन के अवसर पर छात्राओ ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति भी दी। अतिथियों ने विजेता छात्राओं को प्रमाण पत्र ओर शील्ड प्रदान की।
भंडारी ने आगे कहा पूरे प्रदेश के अजजा क्षेत्रों में इंग्लिश, गणित, विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों की कमी हैं। इन विपरीत परिस्थितियों में भी पेटलावद कन्या शाला की छात्राओं द्वारा उत्कृष्ठ परिणाम देना शिक्षा के क्षेत्र में गर्व की बात है। विशेष अतिथि बीओबी के मुख्य प्रबंधक बैरागी ने कहा शिक्षा जीवन रूपी शस्त्र रण क्षेत्र में विजयश्री दिलाने वाला शस्त्र हंै। ज्ञान वो धन है जिसे न घटने का ओर न लूटने का डर हैं। बीएमओ डॉ. मंडलोई ने कहा डॉक्टर बने, इंजीनियर बने,उसके साथ ही इंसान भी बने।
पुरस्कारों की हुई घोषणाएं-
विशेष अतिथि एल्डरमेन एवं पूर्व नपं अध्यक्ष विनोद भंडारी ने अपने पिताजी स्व. झमकलाल भंडारी की स्मृति में मंच पर शेड बनाने की घोषणा की। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विशेष अतिथि बैरागी खुद अपना पुरस्कार लेकर आए और छात्राओ को वितरण किया। स्कूल को पांच घड़ी देने की घोषणा की। आभार प्राचार्य प्रसाद ने माना।