सावन सोमवार के जुलूस में घुसा तेज रफ्तार डंपर, एक श्रद्धालु गंभीर घायल

0

जितेंद्र वाणी, नानपुर

आलीराजपुर जिले के नानपुर में सावन के अंतिम सोमवार की शाम बड़ा हादसा सामने आया। गांव के शिव मंदिर से निकाले जा रहे शिव डोला समारोह के दौरान जब श्रद्धालु ढोल-ताशों और बैंड-बाजों के साथ उत्साहपूर्वक चल रहे थे, तभी रेत से लदे एक अनियंत्रित ओवरलोड डंपर  DD 01 N 9348 ने जुलूस को अपनी चपेट में ले लिया।

वाहन की रफ्तार देखकर मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सड़क किनारे दौड़े। इसी आपाधापी में एक श्रद्धालु धर्मेंद्र पिता गणपत निवासी नानपुर डंपर के नीचे आ गया, जिससे उसके दोनों पैर गंभीर रूप से कुचल गए। दो मोटरसाइकल भी क्षतिग्रस्त हुई है। श्रद्धालुओं की सतर्कता के चलते कई लोग समय रहते दूर हट गए, जिससे जनहानि का स्तर सीमित रहा।

आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत नजदीकी नानपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। वारदात को अंजाम देकर चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग निकला। नानपुर पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है और आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामले में एसडीएम निधि मिश्रा ने कहा डम्पर को थाने में खड़ा करा दिया गया है। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.