झकनावदा की अनंता राठौर ने साधा सटीक निशाना, राज्य की टॉप-10 में बनाई जगह, प्री-नेशनल के लिए क्वालिफाई

0

शान ठाकुर, पेटलावद

झाबुआ जिले की होनहार खिलाड़ी अनंता महेंद्र सिंह झकनावदा ने 29वीं मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की टॉप-10 खिलाड़ियों में स्थान बनाया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने आगामी प्री-नेशनल राइफल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान पक्का कर लिया है।

इंदौर स्थित एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में 14 से 22 जुलाई तक आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन मध्यप्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन द्वारा किया गया। प्रदेशभर से पहुंचे प्रतिभाशाली निशानेबाजों के बीच हुए कड़े मुकाबले में अनंता ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

*10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में किया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन -*

रतलाम की एमर्स शूटिंग एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही अनंता ने 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में हिस्सा लिया। एकेडमी के कोच भूपेन्द्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि अनंता ने प्रतियोगिता में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उनके उत्कृष्ट स्कोर के दम पर उन्हें प्रदेश की शीर्ष-10 खिलाड़ियों में स्थान मिला और इसी प्रदर्शन के आधार पर आगामी प्री-नेशनल प्रतियोगिता के लिए उनका चयन सुनिश्चित हुआ। कोच ने बताया कि अनंता लगातार अनुशासन, मेहनत और नियमित अभ्यास के बल पर अपनी तकनीक में सुधार कर रही हैं। उनकी यह उपलब्धि आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की मजबूत उम्मीद जगाती है।

*कोच, अकादमी और परिजनों ने दी शुभकामनाएं -*

अनंता की सफलता पर एमर्स शूटिंग एकेडमी के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त मानद सूबेदार मेजर भारत सिंह सिसोदिया, कोच भूपेन्द्र सिंह सिसोदिया तथा परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विश्वास जताया कि अनंता आने वाली प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झकनावदा, रतलाम, मध्यप्रदेश और देश का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी। अनंता की इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों में खेलों के प्रति नया उत्साह देखने को मिल रहा है। खेल प्रेमियों का मानना है कि उचित मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत से ग्रामीण प्रतिभाएं भी बड़े मंचों पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.