शिक्षा के प्रति संवेदनशीलता: छात्र कई दिनों से था गैरहाजिर, आधा किमी पैदल चलकर घर पहुंचीं एसडीएम

0

लोहित झामर, मेघनगर

जन विश्वास अभियान के तहत शासकीय योजनाओं की मैदानी हकीकत जानने निकलीं एसडीएम अवनधति प्रधान का एक संवेदनशील चेहरा डूडका पंचायत में देखने को मिला। प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जब कक्षा 8वीं के छात्र आजाद वसुनिया की लगातार अनुपस्थिति दर्ज मिली, तो एसडीएम अधिकारियों के को छोड़कर खुद आधा किलोमीटर पैदल चलकर उसके घर पहुंच गईं। उन्होंने परिजनों से आत्मीय चर्चा कर छात्र को रोजाना स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान एसडीएम ने डूडका के तड़वी फलिया में जर्जर आंगनवाड़ी भवन का जायजा लिया और तुरंत नए भवन निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। स्कूल परिसर की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल बनाने तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुधारने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

*कत्था फैक्टरी से दूषित हो रहा पानी, ग्रामीणों की शिकायत पर कड़े निर्देश*

नगर परिषद मेघनगर के वार्ड क्रमांक 4 में कथा फैक्टरी से निकलने वाले अपशिष्ट जल के कारण दूषित हो रहे तालाब व कुएं का एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। स्थानीय महिलाओं ने नियमित पेयजल आपूर्ति न होने की समस्या उठाई, जिस पर एसडीएम ने पीएचई और नगर परिषद अधिकारियों को तत्काल शुद्ध पेयजल व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए।

*181 हेल्पलाइन की शिकायतों का हो समयबद्ध निपटारा*

ग्राम पंचायत सभा कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन 181 पर दर्ज शिकायतों का निराकरण केवल कागजों में न होकर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध होना चाहिए। बैठक में बीएमओ डॉ. विनोद नायक, बीआरसी महेश सोलंकी, प्रभारी परियोजना अधिकारी अर्चना सांकते, सरपंच रविंद्र भाबोर सहित अन्य मैदानी अमला मौजूद रहा।

*सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल ने बेडावली में परखीं व्यवस्थाएं*

दूसरी ओर, सहायक कलेक्टर एवं सीईओ आयुषी बंसल ने बेडावली, वडलीपाड़ा व तलावली पंचायत का तूफानी दौरा किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति, राशन दुकानों पर ई-केवाईसी, पेयजल व्यवस्था तथा स्कूलों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को सीधे धरातल पर जाकर परखा। ओर सख्त चेतावनी देते हुवे कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नही की जावेगी

Leave A Reply

Your email address will not be published.