ग्राम पारा में बाल तपस्वी कल्प छाजेड़ की 45 दिवसीय सिद्धी तपस्या पर भव्य शोभायात्रा संपन्न

0

पारा। बाल तपस्वी कल्प गौरव छाजेड़ की 45 दिवसीय सिद्धी तपस्या के अनुमोदनार्थ प्रकाश छाजेड़ परिवार द्वारा भव्य शोभायात्रा व अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। ग्राम पारा में गुरुदेव राजेंद्र सूरी म. सा. की जन्म द्विशताब्दी के पावन अवसर पर पुण्य सम्राट जयंत सेन सूरीश्वर म.सा. की आज्ञानुवर्ती साध्वी वर्या प.पू. अनुपम दृष्टा म.सा. आदि थाणा 13 की पावनकारी शुभ प्रेरणा व आशीर्वाद से कल्प ने सिद्धीतप की तपस्या की। इसके अनुमोदनार्थ बैंड बाजे, शहनाई, ढोल, धर्म ध्वजा और बग्घी के साथ एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई

जगह-जगह तपस्वी व गुरुभक्तों का माला, श्रीफल व पुष्प वृष्टि से स्वागत हुआ। मुस्लिम समाज और ग्राम के नागरिकों ने होली चौक पर, वहीं मुख्य बाजार में स्वर्णकार समाज, राधा स्वामी आश्रम, इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर और सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों द्वारा तपस्वी परिवार का स्वागत किया गया। नवकार भवन में आयोजित धर्म सभा में प.पू. साध्वी अनुपम दृष्टा ने मंगलाचरण के साथ तप, धर्म एवं बाल तपस्वियों की तप आराधना के लिए आशीर्वाद दिया

मुख्य अतिथि राहुल देसाई (सूरत) एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा माल्यार्पण किया गया। सिद्धार्थ द्वारा संगीतमय गुरुवंदन करवाया गया और स्वागत गीत किरण चौपड़ा द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस धार्मिक समारोह में म.प्र. शासन की कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया एवं रतलाम-झाबुआ-आलीराजपुर क्षेत्र की लोकसभा सदस्य (सांसद) अनिता चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुईं और साध्वी म.सा. से आशीर्वाद लिया। उन्होंने तपस्वी कल्प का बहुमान करते हुए तप धर्म की महत्ता का गुणगान किया तथा पारा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की बात कही

धर्मसभा में प्रकाश रांका, सोमसिंह सोलंकी, सुखमल छाजेड़, प्रेमा बेन मूथा, महिला परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष सारिका कोलन और महिला परिषद के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश तलेसरा द्वारा अनुमोदना की गई। परिवार की ओर से प्रकाश छाजेड़ ने स्वागत भाषण दिया एवं आभार प्रदर्शन गौरव छाजेड़ द्वारा किया गया। समारोह में गुजरात, महाराष्ट्र, उज्जैन, इंदौर, झाबुआ, रानापुर और निमाड़ से आए अनेक गुरुभक्तों ने तपस्वी का बहुमान किया, जिसके पश्चात परिवार द्वारा स्वामी वात्सल्य का आयोजन किया गया

Leave A Reply

Your email address will not be published.