कलेक्टर डॉ. भरसट ने मेघनगर में विकास कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर

0

लोहित झामर , मेघनगर

जिले के कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने बुधवार को नगर परिषद मेघनगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत प्रस्तावित गार्डन निर्माण हेतु आवंटित भूमि का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

इसके पश्चात उन्होंने मेघनगर के छोटा तालाब क्षेत्र में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। कलेक्टर ने तालाब के किनारे लगाए जा रहे पेवर ब्लॉकों की गुणवत्ता और निर्माण प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को कार्य में उच्च गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय पर पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाब क्षेत्र का सौंदर्यीकरण नगर की सुंदरता में वृद्धि करेगा तथा नागरिकों को स्वच्छ और आकर्षक सार्वजनिक वातावरण उपलब्ध कराएगा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. भरसट ने वार्ड क्रमांक 15 स्थित पानी की टंकी का भी अवलोकन किया। उन्होंने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर के प्रत्येक नागरिक तक नियमित, पर्याप्त एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचना चाहिए तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर एसडीएम अवनधती प्रधान, नगर परिषद मेघनगर के सीएमओ, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं नगर परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.