छात्रावास में रहकर की मेहनत रंग लाई: वर्षा गडरिया ने 81.2% के साथ स्कूल में किया टॉप

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जोबट की छात्रा वर्षा गडरिया ने कक्षा 12वीं की परीक्षा में 81.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। वर्षा ग्राम बिलखेड़ी के पटेल फलिया की निवासी हैं।

खास बात यह रही कि वर्षा ने अपनी पूरी पढ़ाई शासकीय सीनियर कन्या उत्कृष्ट छात्रावास, जोबट में रहकर पूरी की। सीमित संसाधनों के बावजूद उसने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन से यह मुकाम हासिल किया।

वर्षा के पिता रायसिंह गडरिया एवं माता कस्तूरी गडरिया ने बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उसकी मेहनत ने परिवार का नाम रोशन कर दिया है। वहीं, छात्रावास और विद्यालय के शिक्षकों ने भी वर्षा की मेहनत और समर्पण की सराहना की है। इस अवसर पर विद्यालय में एसडीएम, प्राचार्य अरविंद बघेल एवं शिक्षकों द्वारा केक काटकर वर्षा को बधाई दी गई। सभी ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मेडिकल क्षेत्र में बनाना चाहती हैं करियर

जीवविज्ञान विषय की छात्रा वर्षा गडरिया ने बताया कि वह आगे चलकर चिकित्सा क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं। साथ ही अपने गांव में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य करना चाहती हैं। विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने वर्षा को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.