इंदौर के भागीरथपुरा जैसी घटना की आशंका, जोबट नगर परिषद पर उठे सवाल

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट 

जोबट नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 8 में गंदे पानी की समस्या को लेकर वार्डवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घरों से निकलने वाला गंदा पानी नाली के माध्यम से उस गड्ढे में जमा हो रहा है, जहां पेयजल लाइन का वाल्व स्थित है। ऐसे में दूषित पानी सप्लाई होने की आशंका से रहवासियों में भय का माहौल बना हुआ है

वार्डवासियों द्वारा बनाए गए वीडियो में भी स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्र में गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं। वार्डवासियों ने नगर परिषद प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।

मामले को लेकर वार्ड पार्षद श्रीमती खुशबू बबलू बघेल ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे उन्हें वार्डवासी केरम भैय्या का फोन आया, जिसमें गंदा पानी वाल्व में जाने और वही पानी वार्ड में सप्लाई होने की जानकारी दी गई। साथ ही घटना का वीडियो भी भेजा गया। सूचना मिलते ही वे तत्काल मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने वहीं से सीएमओ को फोन कर पूरे मामले से अवगत कराया और वीडियो भी भेजा।

पार्षद खुशबू बघेल ने कहा कि सीएमओ द्वारा जल्द समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया गया है, लेकिन उन्हें चिंता है कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो वार्डवासियों को गंभीर और जानलेवा बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है।

इधर, वार्डवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि पेयजल लाइन और वाल्व क्षेत्र की तत्काल सफाई कर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना या बीमारी को रोका जा सके।

“अभी मैं वीसी में हूं। मेरे पास शिकायत आई थी। बीसी से लौटकर मैं मौके की स्थिति देखूंगा और समस्या का समाधान करवाऊंगा।”

संतोष राठौड़, सीएमओ, जोबट नगर परिषद

Leave A Reply

Your email address will not be published.