पिटोल के सिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में 2500 वर्ग फीट में बनेगी सर्वसुविधायुक्त धर्मशाला

0

भूपेंद्र नायक, पिटोल

बैतूल-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए भव्य धर्मशाला निर्माण का भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल रहा। लगभग 35 वर्ष पूर्व (1991) गांव के वरिष्ठ जनों द्वारा एक वीरान पहाड़ी पर स्थापित यह मंदिर आज जन-जन की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष जितेंद्रसिंह ठाकुर ने बताया कि यह मंदिर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे हरे-भरे वातावरण के बीच स्थित है। वर्तमान में यहाँ यात्रियों के बैठने के लिए केवल एक छोटा टीन शेड उपलब्ध है, जो बढ़ती भीड़ के लिहाज़ से अपर्याप्त साबित हो रहा था।

यहाँ से होकर मध्य प्रदेश, मालवा अंचल, गुजरात और महाराष्ट्र समेत देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु गुजरते हैं। पावागढ़, अंबाजी, सोमनाथ, डाकोरजी व द्वारका जाने वाले पैदल व साइकिल यात्रियों के साथ-साथ चारधाम यात्रा पर निकलने वाली बसों के श्रद्धालु भी यहाँ विश्राम कर भोजन-प्रसादी बनाते हैं। यात्रियों की इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए समिति ने मंदिर की तलहटी में 2500 वर्ग फीट क्षेत्र में दानदाताओं के सहयोग से आरसीसी धर्मशाला का निर्माण कार्य शुरू किया है।

2028 उज्जैन सिंहस्थ के श्रद्धालुओं को मिलेगा सीधा लाभ

समिति द्वारा यह योजना भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इस धर्मशाला के बनने से 2028 में आयोजित होने वाले उज्जैन सिंहस्थ में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क रात्रि विश्राम और बेहतर सुविधाएँ मिल सकेंगी।

जिले व प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों तथा आम श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा के केंद्र इस मंदिर में हर वर्ष हनुमान जयंती पर बड़ी संख्या में लोग मन्नत उतारने आते हैं। इस नई धर्मशाला के निर्माण से दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को ठहरने में बड़ी राहत मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.