भूपेंद्र नायक, पिटोल
पिटोल में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रावण मास में महिला कावड़ यात्रियों का उत्साह और भागीदारी लगातार बढ़ रही है। पिटोल में महिला मंडलों द्वारा विशेष कावड़ यात्राएं निकाली गई हैं, जिनमें सैकड़ों महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कई महिलाएं अपने परिवार और बेटियों के साथ कावड़ लेकर पदयात्रा कर एक मिसाल पेश कर रही हैं।
आज सुबह 11 बजे पिटोल के कालिया भीम फलिया एवं आसपास के गांवों की सर्व समाज की महिलाएं पिटोल-मण्डली रोड पर स्थित रामेश्वरम महादेव मंदिर पर एकत्रित हुईं। इसके बाद, पिटोल के सर्व समाज के युवाओं द्वारा निजी वाहनों से इन महिलाओं को पिटोल से 4 किलोमीटर दूर, दो नदियों (भामची और मोद) के संगम पर स्थित श्री मंगलेश्वर महादेव मंदिर (मण्डली बड़ी) ले जाया गया। हरे-भरे वृक्षों और प्राकृतिक हरियाली से परिपूर्ण इस स्थान से जल लेकर, सैकड़ों की संख्या में महिलाएं पिटोल और अपने-अपने गांव के शिवालयों के लिए रवाना हुईं।
