माँ नर्मदा जल पदयात्रा का भव्य समापन, पंचेश्वर धाम में हुआ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक

0

आलीराजपुर। जिले में अच्छी वर्षा, सुख-समृद्धि, सामाजिक एकता एवं समस्त जनकल्याण की मंगलकामना को लेकर सागरवंशीय माली समाज नवयुवक संगठन, आलीराजपुर द्वारा आयोजित माँ नर्मदा जल पदयात्रा का गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ भव्य समापन हुआ। मंगलवार अमावस्या के पावन अवसर पर ब्रह्ममुहूर्त में कोटेश्वर धाम से माँ नर्मदा का पवित्र जल कलश में भरकर पदयात्रा प्रारंभ की गई। लगभग दो दिनों तक तपती धूप, कठिन मार्ग एवं लंबी दूरी तय करते हुए सभी पदयात्री माँ नर्मदा एवं भगवान भोलेनाथ के जयघोष के साथ आलीराजपुर पहुँचे।

आलीराजपुर आगमन पर आम मंडी में समाजजनों ने पदयात्रियों का पुष्पवर्षा, तिलक एवं जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात सायं 5 बजे माँ नर्मदा जल की विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिलाएँ, युवा, बुजुर्ग एवं बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज लेकर भजन-कीर्तन करते हुए “जय माँ नर्मदा”, “नर्मदे हर” एवं “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से निकले, जिससे पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा।

शोभायात्रा आम मंडी से टाकीज चौराहा, हाटगली, रणछोड़ राय मार्ग, अमला लाइन, बस स्टैंड, नीम चौक, गुप्ता चौक, बहारपुरा एवं दाहोद नाका होते हुए श्री पंचेश्वर धाम पहुँची। पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजजनों, व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर माँ नर्मदा के पवित्र कलश का स्वागत किया। जगह-जगह श्रद्धापूर्वक कलश पूजन, आरती एवं पदयात्रियों का सम्मान किया गया। कई स्थानों पर शीतल पेय एवं प्रसादी की व्यवस्था भी की गई, जिससे पदयात्रियों का उत्साह और अधिक बढ़ गया।

सागरवंशीय माली समाज नवयुवक संगठन के मीडिया प्रभारी संजय गेहलोद ने बताया कि यह पदयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता, सेवा, संस्कृति एवं जनकल्याण का संदेश देने वाली ऐतिहासिक यात्रा रही। यात्रा के दौरान कूक्षी माली समाज ने माँ नर्मदा के पवित्र जल का विधि-विधान से पूजन कर पदयात्रियों का स्वागत किया तथा फरियाली चिवड़ा की सेवा प्रदान की। वहीं नानपुर माली समाज द्वारा माँ नर्मदा जल के रथ का भव्य नगर भ्रमण कराया गया तथा चाय, नाश्ता एवं भोजन प्रसादी की सेवा दी गई। इन दोनों समाजों के प्रति सागरवंशीय माली समाज नवयुवक संगठन ने हृदय से आभार व्यक्त किया।

शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन का भी सराहनीय सहयोग रहा। यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस बल ने पूरे मार्ग में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा, जिससे शोभायात्रा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हुई। संगठन ने पुलिस प्रशासन के सहयोग एवं समर्पण के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।

श्री पंचेश्वर धाम पहुँचने पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से माँ नर्मदा के पवित्र जल द्वारा भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। इस अवसर पर जिले में अच्छी वर्षा, किसानों की खुशहाली, समाज की उन्नति, सुख-शांति एवं समस्त जनकल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की गई।

इस धार्मिक आयोजन में समाज अध्यक्ष अनिल माली, समाज मुखिया रतनलाल माली, दयाराम माली, रामलाल जी माली, स्वामीनारायण माली, मांगीलाल माली, रामनारायण माली, लक्ष्मीनारायण माली, गोपाल माली, हेमंत दामा माली, जितेंद्र राधेश्याम माली, प्रकाश श्यामसुन्दर माली, अंकिता माली, हीरा माली, पूजा माली, गायत्री माली, लोकेश माली, अशोक माली, नवीन माली, विष्णु माली, खुशाल माली, सुनील माली, लक्ष्य माली, हंसराज माली, गौरव माली, प्रितेश माली, विशाल माली, जितेंद्र माली, शांतिलाल माली, संतोष माली सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर रामायण माली ‘माना’ ने सभी पदयात्रियों, मातृशक्ति, युवा साथियों, समाजजनों, सहयोगकर्ताओं, विभिन्न स्थानों पर स्वागत एवं सेवा करने वाले सभी समाजबंधुओं तथा पुलिस प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।

नानपुर में जीवित व्यक्ति की शव यात्रा निकाली

दूसरी और ग्राम नानपुर में भी बारिश के लिए प्रार्थनाएं की जा रही है। बारिश की लंबी खेंच के कारण गांव में कुछ लोगों ने एक जीवित व्यक्ति की शव यात्रा निकाली। इस दौरान सभी अच्छी बारिश के लिए प्रार्थना कर रहे थे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.