चोरों ने फिर दी पुलिस को चुनौती, बड़ी वारदात को दिया अंजाम, लाखों के माल पर हाथ साफ

- Advertisement -

सोंडवा, हमारे प्रतिनिधिः अलीराजपुर जिले में चोरों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है।चोरों ने इस बार शादी में इंदौर गए एक परिवार के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रूपयों के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना का खुलासा परिवार के वापस लौटने पर हुआ।

चोरों ने वाहनों की दलाली का काम करने वाले प्रमोद जमना प्रसाद पाठक के घर को अपना निशाना बनाया। चोर यहां से करीब 1.35 लाख रूपए नकदी चुराने में सफल रहे। इसके अलावा चोर सोने की दो चेन, तीन जोड़ टॉप्स, एक मंगलसूत्र सहित करीब सात तोला सोने के जेवरात चुराकर ले गए। इसके अलावा चोर चांदी के सात सिक्के चुराने में भी कामयाब रहे। चोरी गए माल की कीमत तीन लाख रूपए आंकी जा रही है।

पाठक परिवार शुक्रवार दोपहर तीन बजे इंदौर से लौटा इसके बाद घटना का खुलासा हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सोंडवा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हर बार की तरह इस बार भी पुलिस का दावा है कि चोर जल्द ही उसकी गिरफ्त में होंगे।