विद्युत मंडल और ठेकेदार की लापरवाही से अंधेरे में रहने को मजबूर हुए ग्रामीण, रात में फोन नहीं उठाते जेई
खरडू बड़ी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा था कि 24 घंटे बिजली दी जाएगी, लेकिन धरातल पर इसका पालन होता नजर नहीं आ रहा है। भीषण गर्मी में भी ग्रामीण क्षेत्रों के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं, जिस ओर विद्युत मंडल के अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
पूरा मामला झाबुआ जिले के रामा ब्लॉक के पारा डीसी अंतर्गत ग्राम खरडू बड़ी का है, जहां बीते दो-चार दिनों से ग्रामीण बिजली गुल होने से भारी परेशान हैं। नौबत यह आ गई है कि खुद गांव वाले आधी-आधी रात को डीपी (DP) पर जाकर अपनी जान जोखिम में डालते हुए लाइट का लूप निकालकर चालू करते हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ ही देर में बिजली फिर गुल हो जाती है। बुधवार की रात भी ग्रामीणों ने अंधेरे में गुजारी।
इस अघोषित बिजली कटौती से आम जनता के साथ-साथ दुकानदारों को भी काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के चलते दुकानदार अपनी दुकानों में कुल्फी, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक्स और दूध जैसी सामग्रियां रखते हैं। लाइट न होने से यह सामान खराब हो रहा है। ग्रामीणों की शिकायत है कि इन परेशानियों से विद्युत मंडल को कोई फर्क नहीं पड़ता। विद्युत मंडल के जेई (JE) सुनील कुमार मंडलोई रात में फोन नहीं उठाते हैं और गांव में कोई लाइनमैन भी तैनात नहीं है, जो रात-बेरात होने वाले फॉल्ट को ठीक कर सके।
