जनपद पंचायत रामा के उत्कृष्ट विद्यालय में सेवा सेतु अभियान का आयोजन किया

0

खरडू बड़ी। जनपद पंचायत रामा अंतर्गत उत्कृष्ट विद्यालय रामा में दिनांक 03 अक्टूबर 2026 को सेवा सेतु अभियान “सरकार आपके द्वार” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शासकीय सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण करना रहा।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी अजजा मोर्चा जिला महामंत्री वालसिंह मसानिया, जिला उपाध्यक्ष मदनसिंह भूरा, रामा मंडल अध्यक्ष करणसिंह अमलियार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न विभागों के विकासखंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन को प्रदान की गई। साथ ही विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों को योजनांतर्गत लाभ एवं हितलाभ का वितरण किया गया।

लाड़ली बहना योजना की हितग्राही रवीना भूरिया एवं आशा पाल द्वारा योजना से प्राप्त लाभ एवं अपने अनुभव साझा किए गए। इसी प्रकार लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत छात्रवृत्ति प्राप्तकर्ता सुनीता एवं पायल बामनिया द्वारा छात्रवृत्ति से प्राप्त लाभ एवं अपने अनुभवों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान ग्राम रजला के श्री सुरेश परमार द्वारा प्राकृतिक खेती एवं सब्जी उत्पादन के संबंध में अपना अनुभव साझा किया गया। उन्होंने प्राकृतिक खेती के माध्यम से किए जा रहे सब्जी उत्पादन, इसके लाभ तथा खेती में अपनाई जा रही पद्धतियों के बारे में उपस्थित ग्रामीणों को जानकारी दी।

इस अवसर पर आमजन को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों की समस्याओं एवं आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही की गई। सेवा सेतु अभियान “सरकार आपके द्वार” के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को सुगम एवं त्वरित शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.