नवोदय के विद्यार्थियों को SDM भास्कर गाचले ने दिया सफलता का मंत्र

0

रितेश गुप्ता, थांदला

एसडीएम भास्कर गाचले ने शुक्रवार रात नवोदय आवासीय विद्यालय पहुंचकर कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन देते हुए उनके भविष्य के लक्ष्यों, कार्ययोजना एवं आगामी परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।

एसडीएम गाचले ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सबसे पहले स्वयं पर विश्वास और आत्मविश्वास जरूरी है। आत्मविश्वास के साथ स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने से सफलता निश्चित रूप से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक बारीकियों, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच तथा निरंतर अध्ययन के महत्व से भी अवगत कराया। एसडीएम गाचले ने विद्यार्थियों से उनकी भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली और उनकी रुचि के अनुरूप कैरियर विकल्पों पर चर्चा की। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को आगामी परीक्षाओं एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपनी क्षमताओं को पहचानें और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए आगे बढ़ें।

विद्यार्थियों से सीधा संवाद की पहल लगातार जारी

एसडीएम भास्कर गाचले द्वारा आदिवासी अंचल के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों और युवाओं से सीधा संवाद करने तथा उन्हें शिक्षा, कैरियर और भविष्य को लेकर मार्गदर्शन देने की पहल लगातार जारी है। नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम रहा। विद्यालय परिवार की ओर से प्राचार्य द्वारा एसडीएम भास्कर गाचले का स्वागत किया गया तथा विद्यार्थियों से नियमित संवाद एवं मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि एसडीएम द्वारा समय-समय पर विद्यार्थियों को प्रेरित एवं मार्गदर्शित करने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ रहा है और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में विद्यालय को महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर नितिन डामोर, विद्यालय के प्राचार्य पीसी कानव, उपप्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.