घर को चोरों ने बनाया निशाना, अप्रैल की किलोडा चोरी का भी अब तक नहीं हुआ खुलासा

0

ब्रजेश श्रीवास्तव, छकतला 

पुलिस चौकी छकतला के अंतर्गत ग्राम पुवासा में बीती रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह सनसनीखेज घटना रात करीब 12 बजे की है, जब चोरों ने घर के पीछे के हिस्से में बनी मिट्टी की दीवार की ईंटें निकालकर अंदर प्रवेश किया। चोर घर के भीतर रखी दो पेटियां लेकर रफूचक्कर हो गए। घटना के वक्त परिवार के लोग गांव में ही अपने छोटे भाई के लड़के के विवाह समारोह में शामिल होने गए थे और घर में केवल बुजुर्ग पिता, बहू और बच्चे सो रहे थे। चोरों ने इसी सूनेपन और सन्नाटे का फायदा उठाकर इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया।

​वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने कुछ दूरी पर जाकर पेटियों को खंगाला। इनमें से एक पेटी घर के ठीक पीछे खेत में मिली, जबकि दूसरी पेटी सड़क पार दूसरे खेत में लावारिस हालत में पड़ी पाई गई। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरों ने घर से करीब 50 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के चांदी के जेवरात पार कर दिए हैं। चोरी गए आभूषणों में 3 बड़े कंधोरे, 2 जोड़ी पायल, 1 हाथ का हथेला और 4 करंडिया शामिल हैं। इस तरह कुल मिलाकर करीब 3.50 लाख रुपये की चांदी और नकदी चोरी होने का अनुमान है।

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौका मुआयना कर त्वरित जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता और सुराग खोजने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है क्योंकि क्षेत्र में चोरियां लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले अप्रैल माह में भी पास के किलोडा गांव में एक बड़ी चोरी हुई थी, जिसका सुराग पुलिस अब तक नहीं लगा पाई है। लगातार होती वारदातों और पुलिस की सुस्त कार्रवाई से स्थानीय निवासियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.