यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस सख्त, थाना प्रभारी ने जनप्रतिनिधियों से किया सहयोग का आह्वान

0

भूपेंद्र चौहान, चंद्रशेखर आजाद नगर

थाना प्रभारी शिवराम तरोले द्वारा क्षेत्र के सभी सरपंच, तड़वी, चौकीदार, पंच एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से विशेष निवेदन किया गया है कि वे अपने-अपने गांव, फलिया, मोहल्ला और पंचायत क्षेत्रों में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समाज सुधार के इस अभियान में जनप्रतिनिधियों का सहयोग अनिवार्य है ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

थाना प्रभारी ने निर्देशित किया है कि कोई भी व्यक्ति बिना हेलमेट, बिना बीमा, बिना लाइसेंस और बिना रजिस्ट्रेशन के वाहन न चलाए। वाहन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना बीमा के दुर्घटना होने पर बीमा कंपनी द्वारा कोई क्लेम नहीं दिया जाता है, जिससे वाहन स्वामी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

ओवरलोडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने पर रोक यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस ने सख्त निर्देश जारी किए हैं:

  • वाहन में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं।

  • दोपहिया वाहन पर केवल दो व्यक्ति ही बैठें।

  • वाहन चालक किसी भी स्थिति में शराब का सेवन न करें।

  • सवारी ढोने के लिए टैक्सी परमिट (कमर्शियल) होना आवश्यक है।

  • यात्री वाहनों पर अनावश्यक करियर न लगाएं और छत पर सवारी न बैठाएं।

निरंतर जारी रहेगा सघन जांच अभियान 

हाल ही में पुलिस द्वारा बिना हेलमेट और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई है। इस दौरान सवारी गाड़ियों पर ओवरलोडिंग के लिए लगाए गए करियर भी उतरवाए गए और चालानी कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी श्री तरोले ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित व्यक्ति की होगी। पुलिस ने सभी समाजसेवियों से इस मुहिम में जुड़कर सुरक्षित समाज बनाने में मदद की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.