विजय मालवी, बड़ी खट्टाली

श्रावण मास के पावन अवसर पर रविवार को खट्टाली से पांचवीं भव्य मातृशक्ति कावड़ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। विश्व हिन्दू परिषद की मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी, प्रखण्ड खट्टाली के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में महिलाओं, युवतियों एवं बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भाग लिया। महाकालेश्वर शिवालय से विधिवत पूजन-अर्चन के बाद कावड़ यात्रा ग्राम कोटबु स्थित कोटबेश्वर महादेव मंदिर के लिए रवाना हुई। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव”, “बोल बम” और “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीणों ने पेयजल, फल और प्रसादी की व्यवस्था कर कावड़ यात्रियों का स्वागत किया। भगवा ध्वज, भक्ति गीतों और शिव आराधना के बीच निकली यात्रा ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया।

कोटबेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, पूजन-अर्चन एवं महाआरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा और खुशहाली की कामना की। आयोजन के समापन पर भोजन प्रसादी का वितरण किया गया। आयोजकों ने बताया कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली इस कावड़ यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और सनातन संस्कृति के प्रति जनजागरण का संदेश देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *